विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2025 को समयबद्ध पूरा करने का आदेश—बीएलओ, बीएलए और विभागीय अधिकारियों को जिलाधिकारी के कड़े निर्देश

जिलाधिकारी ने जनता से की समयबद्ध रूप से एस0आई0आर0 फॉर्म जमा करने की अपील

मतदाता सूची पुनरीक्षण में कोई ढिलाई नहीं—जिलाधिकारी ने जारी किए कड़े निर्देश, बीएलओ की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित

कानपुर देहात दिनांक आज माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार के साथ बैठक व वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी ई0आर0ओ0/उप जिलाधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एस0आई0आर0 2025) के कार्यों की गंभीरता को देखते हुए मा० भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्गत निर्देशों के क्रम में शत-प्रतिशत कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने बैठक में स्पष्ट कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त शब्दों में निर्देशित किया कि एस0आई0आर0 कार्य की संवेदनशीलता को समझते हुए सामूहिक प्रयास के साथ इसे पूरी शुद्धता व पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों तक एस0आई0आर0 कार्यों से संबंधित किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों/कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा तथा कर्मचारी आचरण नियमावली का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। जिलाधिकारी ने एस0आई0आर0 कार्य की निगरानी व जनसुविधा के लिए जिला कांटेक्ट सेंटर का नम्बर 05111-297056 सभी को पुनः अवगत कराते हुए निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर निर्बाध व तेज इंटरनेट कनेक्टिविटी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी तकनीकी समस्या के कारण कार्य प्रभावित न हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि बी0एल0ओ0 की भूमिका इस कार्य में अत्यधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी बी0एल0ओ0 प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे तक अपने-अपने कार्य क्षेत्र में पहुँचकर 10:00 बजे हर हाल में कार्य प्रारंभ करें। उनकी भौतिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने हेतु प्रतिदिन 10:00 बजे, 2:00 बजे तथा 6:00 बजे उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बी0एल0ओ0 की उपस्थिति में किसी भी स्तर पर कोताही न होने पाए। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में डुग्गी/मुनादी कराए जाने तथा नगरीय क्षेत्रों में लाउडस्पीकर के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के भी सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता तक एस0आई0आर0 से संबंधित प्रत्येक सूचना स्पष्ट, सटीक और समय पर पहुंचनी चाहिए। उन्होंने सभी अधिकारियों और कार्मिकों को निर्देशित किया कि लोगों से संवाद करते समय अपनी भाषा और व्यवहार में पूर्ण शालीनता बनाए रखें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की गलत जानकारी या भ्रम की स्थिति न पैदा हो। जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता कर निर्देश दिए कि जिन कर्मचारियों को एस0आई0आर0 कार्य में लगाया गया है, उन्हें अन्य कार्यालयी कार्यों से पूर्णतः मुक्त रखा जाए, ताकि वे पूर्ण समय एवं ऊर्जा इस अत्यंत आवश्यक कार्य को दे सकें। उन्होंने विशेष रूप से सभी बी0एल0ओ0 एवं बी0एल0ए0 को हर संभव सहयोग प्रदान किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विभाग के कर्मचारी एस0आई0आर0 में लगे हैं, संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनसे किसी भी प्रकार के विशेष कार्य न कराए जाएं। एस0आई0आर0 फॉर्म की शीघ्र प्राप्ति के लिए जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम प्रधानों और पंचायत सहायकों को सक्रिय करते हुए अभियान चलाने के निर्देश दिए, वहीं जिला पूर्ति अधिकारी को कोटेदारों के माध्यम से फॉर्म शीघ्र जमा कराए जाने हेतु कड़ी निगरानी के साथ प्रभावी प्रयास करने को कहा।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपद की समस्त जनता से गंभीर और स्पष्ट अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और सशक्त निर्वाचन प्रक्रिया के लिए प्रत्येक नागरिक का सहयोग अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि एस0आई0आर0 प्रक्रिया केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि मतदाता सूची को सही व त्रुटिरहित बनाने का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, जिसके लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता अपने क्षेत्र के बी0एल0ओ0 एवं बी0एल0ए0 से शीघ्र संपर्क कर सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं और एस0आई0आर0 से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय से पूर्ण कराएं। किसी भी नागरिक द्वारा देरी, लापरवाही या असहयोग की स्थिति में स्वयं उसी नागरिक का नुकसान होगा, क्योंकि समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का दावा/आपत्ति स्वीकार नहीं की जा सकेगी। उन्होंने जनता को चेताते हुए कहा कि यदि कोई नागरिक अपने मतदाता संबंधी सुधार, जोड़-घटाव या सत्यापन समय पर नहीं कराता, तो उसके मतदान अधिकार प्रभावित हो सकते हैं, जिसकी जिम्मेदारी स्वयं उसकी होगी। इसलिए सभी नागरिक अपने मतदाता अधिकार के प्रति जागरूक रहें और निर्धारित अवधि के भीतर अपनी सारी कार्यवाहियाँ पूर्ण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, कोटेदार, नगरीय निकाय कर्मचारी, बी0एल0ओ0 एवं बी0एल0ए0 जनता से जिस भी सूचना या दस्तावेज की मांग करें, उसे तुरंत उपलब्ध कराकर प्रक्रिया तेज करने में अपना सहयोग दें। यदि किसी क्षेत्र में बी0एल0ओ0 न मिलें या कोई समस्या आए, तो तत्काल जिला संपर्क केंद्र 05111-297056 पर शिकायत दर्ज कराएं। अंत में जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से दृढ़ अपील करते हुए कहा कि “यह आपका अपना अधिकार है और इसे सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी आपकी ही है। अतः किसी भी प्रकार की देरी न करें, तुरंत बी0एल0ओ0 से संपर्क करें, अपना एस0आई0आर0 फॉर्म जमा करें और विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।” उन्होंने कहा कि यह कार्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का आधार है और इसमें किसी भी प्रकार का विलंब अस्वीकार्य है। इसलिए सभी नागरिक, अधिकारी एवं कर्मचारी जिम्मेदारी से इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें