माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा के अंतर्गत एक दिवसीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड स्थापना पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय, कानपुर देहात में एक दिवसीय माटीकला जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की  राज्यमंत्री (बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग) प्रतिभा शुक्ला उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, प्रदीप पाण्डेय उर्फ बउवा पाण्डेय, अग्रणी जिला प्रबंधक दिलीप वर्मा, आरसेटी निदेशक मयंक कटियार, एडीओ एजी प्रवीण सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यमंत्री  प्रतिभा शुक्ला द्वारा माटीकला उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विभिन्न स्टालों का अवलोकन करने के उपरांत दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने माटीकला क्षेत्र से जुड़े कारीगरों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों के आर्थिक सशक्तिकरण तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान  मंत्री ने माटीकला क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं आंकड़ा संग्रहण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कारीगरों रामलखन प्रजापति,  रामचन्द्र प्रजापति,  सुरेखा देवी,  कौशल कुमार,  गंगाराम प्रजापति तथा  धर्मेन्द्र प्रजापति को प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री ने उपस्थित कारीगरों एवं जनसामान्य को उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने माटीकला टूलकिट योजना, मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना, माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण योजना तथा माटीकला माइक्रो कॉमन फैसिलिटी सेंटर योजना के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभों के बारे में विस्तार से बताया तथा अधिक से अधिक कारीगरों से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में फाइन आर्ट विश्वविद्यालय, कानपुर के प्रतिनिधियों द्वारा भी माटीकला बोर्ड की योजनाओं एवं मिट्टी से निर्मित विविध उत्पादों की उपयोगिता, विपणन संभावनाओं तथा आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई माटीकला विषयक प्रेरणादायी फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक देखा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सहायक  अंकिता, अनुदेशक चर्म राकेश कुमार, मनीष कुमार, शिवेंद्र सिंह, निखिल मिश्रा, पंकज, शिवम शुक्ला, दीपक कुमार सहित जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, ग्रामवासी, माटीकला कारीगर एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला से जुड़े कारीगरों को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, उन्हें आधुनिक प्रशिक्षण एवं संसाधनों से जोड़ना तथा पारंपरिक माटीकला उद्योग को नई पहचान एवं प्रोत्साहन प्रदान करना रहा। उपस्थित कारीगरों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए सरकार की योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें