रोजगार अभियान के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा पात्र दिव्यांगों तक सीधा लाभ पहुँचाना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है:-मुख्य विकास अधिकारी
कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में दिनांक 03 अगस्त से 10 अगस्त तक चलाए जाने वाले विशेष दिव्यांगजन रोजगार अभियान के सफल संचालन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, उद्योग केंद्र, कौशल विकास मिशन, एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस 8 दिवसीय विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार व स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने बैंक एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों द्वारा दिए गए ऋण एवं अनुदान आवेदनों का त्वरित निस्तारण कर उन्हें बैंकों के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने में मदद दी जाए साथ ही दिव्यांगजनों को उनकी शारीरिक क्षमता व रुचि के अनुसार नए जमाने की तकनीकों एवं कौशल विकास कार्यक्रमों में नामांकित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान की जानकारी दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रचार-प्रसार वाहन, सोशल मीडिया और स्थानीय प्रतिनिधियों का सहयोग लिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि दिव्यांगजन हमारे समाज का अभिन्न अंग हैं। यह अभियान केवल कागजी न रहे, बल्कि ज्यादा से ज्यादा पात्र दिव्यांगों तक सीधा लाभ पहुंचे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।









