जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) कार्यक्रम के सफल आयोजन के संबंध में जिला समन्वय समिति (डीसीसीएम) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, बेसिक शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज, ग्रामीण विकास तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 10 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस तथा 14 अगस्त को आयोजित मॉप-अप दिवस के दौरान 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के प्रत्येक पात्र बच्चे को एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कराया जाए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ स्कूल से बाहर रहने वाले बच्चों तक भी अभियान की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित की जाए, जिससे कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दवा की समय पर उपलब्धता, प्रशिक्षण, व्यापक जनजागरूकता, विभागीय समन्वय एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की नियमित निगरानी करते हुए समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, मुख्य विकड अधिकारी एच एन प्रसाद, सीएमएस मेडिकल प्रशांत निरजंन, सीएमएस जिला अस्पताल जेजे राम आदि चिकित्सक मौजूद रहे।









