जर्जर सड़क की शिकायत पर एक्शन में आईं राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, दो दिन में निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश

 

कानपुर देहात। नगर पंचायत रनिया के वार्ड संख्या 13 आजाद नगर (खानचंद्रपुर) में लंबे समय से जर्जर पड़ी मुख्य संपर्क सड़क की शिकायत मिलने पर उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं सदर विधायक अकबरपुर-रनिया प्रतिभा शुक्ला स्वयं मौके पर पहुंचीं। उन्होंने ग्रामीणों के साथ सड़क का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने नगर पंचायत रनिया के अधिशासी अधिकारी मनीष राय को मौके पर तलब किया और सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर हाल में दो दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने जनपद के जिलाधिकारी कपिल सिंह से दूरभाष पर वार्ता कर अधिशासी अधिकारी की लापरवाही से अवगत कराया तथा निर्माण कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिलाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी। राज्यमंत्री के त्वरित हस्तक्षेप से ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि उनकी शिकायत पर जनप्रतिनिधि का स्वयं मौके पर पहुंचना और तत्काल कार्रवाई कराना जनसेवा के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ग्रामीणों ने राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें