कानपुर देहात। पुलिस लाइन में वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस परिवार के बच्चों के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वामा सारथी की अध्यक्षा अर्चना सिरोही, उपाध्यक्षा आकांक्षा सिंह तथा मनी श्रीवास्तव उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को तनावमुक्त रहकर पढ़ाई करने, लक्ष्य तय कर योजनाबद्ध तैयारी करने, सही समय पर उचित निर्णय लेने, ग्रुप डिस्कशन, व्यक्तित्व विकास, प्रभावी संवाद कौशल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। बच्चों को आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर प्रयास करने और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर अभिभावकों को भी बच्चों की रुचि और क्षमता के अनुसार उनका मार्गदर्शन करने, उन पर अनावश्यक दबाव न बनाने तथा सकारात्मक पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की सलाह दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों को बेहतर कैरियर मार्गदर्शन देकर उनके शैक्षणिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था।












