अकबरपुर कानपुर देहात – टैक्स बार एसोसिएशन कानपुर देहात के विधिवत पंजीकरण के उपरांत शनिवार को प्रथम महत्वपूर्ण बैठक अकबरपुर तहसील स्थित कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के सुदृढ़ संचालन, अधिवक्ताओं के हितों एवं भविष्य की कार्ययोजना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के उपरांत सभी सदस्य भगवान भोले बाबा के दरबार में नतमस्तक हुए तथा संगठन की उन्नति एवं सभी सदस्यों के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद रायपुर स्थित द फर्न पांच सितारा होटल में पुनः संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा के पश्चात सभी अधिवक्ता बंधुओं ने सामूहिक रूप से लंच में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी ने यह संकल्प लिया कि जिस प्रकार लगाए गए वृक्ष निरंतर विकसित होकर फलते-फूलते हैं, उसी प्रकार टैक्स बार एसोसिएशन कानपुर देहात भी निरंतर प्रगति, एकता एवं समृद्धि के पथ पर अग्रसर रहेगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर उपस्थित सभी सम्मानित सदस्यों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष संतोष कुमार सक्सेना, महामंत्री कमल सिंह गौर, उपाध्यक्ष संदीप कुमार यादव, संयुक्त मंत्री पुष्पेंद्र प्रजापति, ऑडिटर प्रभात मिश्रा, संजीव कुमार बाजपेयी सहित अन्य अधिवक्ता बंधु उपस्थित रहे।












