कानपुर देहात। कृषक बंधुओं को सूचित किया जाता है कि कृषि विभाग द्वारा संचालित नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एनएमएएम) के अंतर्गत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (SMAM) तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू (CRM) योजनाओं के तहत विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
योजनाओं के अंतर्गत एग्रीग्रेटर, कस्टम हायरिंग सेंटर, फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, लेजर लैंड लेवलर, पावर ऑपरेटेड चैफ कटर, ऑयल मिल विद फिल्टर, कल्टीवेटर, रोटावेटर, थ्रेसर, मक्का शेलर, पावर टिलर, पावर वीडर, तिरपाल, ट्रैक्टर माउंटेड स्प्रेयर, पावर स्प्रेयर, मिनी ऑयल मिल, मिनी राइस मिल, सुपर सीडर, जीरो टिल सीड ड्रिल, बेलिंग मशीन, बैच ड्रायर, सोलर ड्रायर, बेलर, दाल मिल, राइस ट्रांसप्लांटर, पोटैटो प्लांटर, पोटैटो डिगर, कंबाइंड हार्वेस्टर, ग्राउंडनट डिगर, मल्टीक्रॉप प्लांटर, मिलेट मिल, पैकिंग मशीन, न्यूमैटिक प्लांटर, स्ट्रॉ रीपर, सेल्फ प्रोपेल्ड रीपर-कम-बाइंडर, मक्का शेलर, मिलेट पार्लर, मिलेट प्रसंस्करण, पैकिंग सह विपणन केंद्र सहित अन्य कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई, 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जो 10 अगस्त, 2026 को रात्रि 12:00 बजे तक खुली रहेगी। बुकिंग हेतु टोकन धनराशि निम्नानुसार निर्धारित की गई है—
₹10,001 से ₹1,00,000 तक अनुदान वाले कृषि यंत्रों हेतु – ₹2,500/-
₹1,00,000 से अधिक अनुदान वाले कृषि यंत्रों हेतु – ₹5,000/-
उन्होंने बताया कि ई-लॉटरी में चयनित न होने वाले कृषकों की बुकिंग धनराशि नियमानुसार वापस किए जाने का प्रावधान है। इच्छुक कृषक विभागीय पोर्टल पर “कृषि यंत्रों हेतु बुकिंग (वित्तीय वर्ष 2026-27)” विकल्प के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन/बुकिंग कर सकते हैं।
यदि निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदन निर्धारित लक्ष्य से अधिक होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति (DLEC) के समक्ष विभागीय पोर्टल पर ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से विकास खंडवार लक्ष्य के सापेक्ष किया जाएगा।
उप कृषि निदेशक ने जनपद के कृषकों से अपील की है कि वे समय रहते ऑनलाइन बुकिंग कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग से कृषि कार्यों को अधिक उत्पादक एवं लाभकारी बनाएं।











