गड्ढे, कीचड़ और जलभराव से बदहाल कालपी–देवकली सड़क, हर कदम पर हादसे का खतरा
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बावजूद नहीं सुधरी सड़क, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
ओवरलोड वाहनों ने उजाड़ी सड़क, बारिश में कालपी–देवकली मार्ग बना मुसीबत का रास्ता
कालपी (जालौन)। तहसील कालपी के कालपी–मगरौल संपर्क मार्ग से देवकली जाने वाला मार्ग इन दिनों बदहाली की चरम सीमा पर पहुंच गया है। लगातार हो रही बारिश के बाद यह सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बेहद कठिन और जोखिम भरा हो गया है। हालत यह है कि दोपहिया वाहन, ई-रिक्शा और यहां तक कि पैदल चलने वाले लोग भी फिसलने और गिरने को मजबूर हैं। सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार जिला व स्थानीय प्रशासन एवं मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
सोमवार व मंगलवार को सामने आई तस्वीरों में सड़क की भयावह स्थिति साफ दिखाई दे रही है। पूरे मार्ग पर गहरा कीचड़, पानी से भरे गड्ढे और फिसलन के कारण वाहन बार-बार फंस रहे हैं। कई बाइक सवारों को अपनी मोटरसाइकिल धक्का देकर निकालनी पड़ी, जबकि ई-रिक्शा चालकों को भी यात्रियों के साथ भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे और पानी भर जाने से दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
ग्राम प्रधान देवकली बालसिंह निषाद, प्रधान हीरापुर उमाशंकर निषाद, पूर्व प्रधान उमाशंकर निषाद देवकली, ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग से लंबे समय से ओवरलोड मौरंग और गिट्टी से भरे भारी वाहन गुजरते रहे हैं, जिसके कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। समय पर मरम्मत नहीं होने और लगातार भारी वाहनों के दबाव के चलते अब सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि बरसात के दिनों में यह पूरी तरह दलदल का रूप ले लेती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार वाहन बीच रास्ते में फंस जाते हैं, जिससे घंटों तक आवागमन बाधित रहता है।
इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीणों का आना-जाना होता है। स्कूली बच्चों, किसानों, मजदूरों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भारी दिक्कत होती है। यदि किसी मरीज को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल ले जाना पड़े तो खराब सड़क के कारण समय पर चिकित्सा मिलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय निवासी एवं प्रधान पवनदीप निषाद पत्रकार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) पर शिकायत दर्ज कर सड़क के तत्काल निर्माण एवं मरम्मत की मांग की है। शिकायत में बताया गया है कि कालपी–मगरौल संपर्क मार्ग से देवकली मार्ग पूरी तरह गड्ढों और कीचड़ से भर चुका है तथा ओवरलोड वाहनों के कारण इसकी स्थिति और अधिक खराब हो गई है। उन्होंने प्रशासन से सड़क का तत्काल निरीक्षण कर मरम्मत कराने तथा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अधिकारियों को सड़क की स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। बरसात शुरू होने के बाद हालात और भी गंभीर हो गए हैं। लोग जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करने को विवश होंगे।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए कालपी–मगरौल–देवकली मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराकर स्थायी रूप से निर्माण एवं मरम्मत कराई जाए। साथ ही सड़क को नुकसान पहुंचाने वाले ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों लोगों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके।
इस सबंध में महेन्द्र सिंह अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग तृतीय से दूरभाष से हुई वार्ता में बताया की उक्त मार्ग में बड़े वाहन निकलने से उक्त सड़क जर्जर हुई है उसी को मद्देनजर रखते हुये निरिक्षण कराकर कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी जाएगी स्वीकृति मिलने पर कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा।











