कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने रविवार को विशेष यातायात अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत 238 वाहनों का चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने की अपील की है। अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।













