कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ थीम पर आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत कानपुर देहात पुलिस ने जिले में 11,340 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय और अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण कर किया।
इस अवसर पर पुलिस लाइन में 900 पौधे लगाए गए। अधिकारियों और कर्मचारियों ने छायादार, फलदार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया। अभियान के माध्यम से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ संदेश के साथ मातृ सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कानपुर देहात पुलिस जिले के सभी पुलिस सर्किलों, थानों, चौकियों, पुलिस कार्यालयों, शाखाओं और पुलिस आवासीय परिसरों में कुल 11,340 पौधों का रोपण करेगी। इस अभियान का उद्देश्य हरित आवरण बढ़ाना, भू-जल संरक्षण को बढ़ावा देना और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण करना है।
पुलिस अधीक्षक ने अपील की है कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उनके संरक्षण का संकल्प लें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।














