कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी और आईटी एक्ट से जुड़े मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना अकबरपुर पुलिस ने एक मामले में दो आरोपियों को, थाना गजनेर पुलिस ने पांच आरोपियों को तथा थाना रनियां पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की है।
वहीं, जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 26 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालान किया। इनमें अकबरपुर, भोगनीपुर, सट्टी, अमराहट, बरौर, मंगलपुर, रसूलाबाद और शिवली थाना क्षेत्र के लोग शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।













