वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत  राज्यमंत्री व जिलाधिकारी ने केन्द्रीय विद्यालय परिसर नबीपुर में किया वृक्षारोपण।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नबीपुर से हुआ अभियान का शुभारंभ, ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया पौधरोपण।

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ  के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत आज जनपद कानपुर देहात में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नबीपुर से किया गया। जनपद में आज विभिन्न विभागों के सहयोग से 50.38 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम का शुभारंभ  राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला , जिला पंचायत अध्यक्ष  नीरज रानी, अन्य  जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट  कपिल सिंह (सपरिवार) एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान के अंतर्गत विधिवत पौधरोपण कर किया गया। इस अवसर पर राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला  ने आम का पौधा,  जिलापंचायत अध्यक्ष नीरज रानी ने मौलश्री, जिलाधिकारी कपिल सिंह ने पीपल का पौधा, जिलाधिकारी की पूजनीय माताजी सरला सिंह  ने कदम एवं धर्मपत्नी  चारू सिंह ने पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया तथा पौधों के साथ सेल्फी लेकर ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान माननीय राज्य मंत्री, अन्य  जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। वहीं पीएम  केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषयक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनकी उपस्थितजनों ने सराहना की। अपने संबोधन में  राज्य मंत्री  प्रतिभा शुक्ला  ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन, पर्यावरण एवं जैव विविधता के संरक्षण का आधार हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान से जुड़ते हुए अधिकाधिक पौधे लगाने एवं उनका संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि जनपद में वन विभाग सहित सभी विभागों, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन के सहयोग से आज 50.38 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान को जनआंदोलन बनाकर हरित एवं समृद्ध कानपुर देहात के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत लगाए जा रहे सभी पौधों की जियो-टैगिंग, फोटोग्राफी एवं नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था की गई है, जिससे पौधों की जीवितता सुनिश्चित की जा सके। अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक विभाग को निर्धारित लक्ष्य आवंटित किए गए हैं तथा पूरे जनपद में विभिन्न स्थलों पर एक साथ पौधरोपण कराया जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारी, वन विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प है। आइए, हम सभी एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करें और आने वाली पीढ़ियों को हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण की अमूल्य धरोहर सौंपने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर  ब्लाक प्रमुख आशीष मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधिगण, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्राचार्य केन्द्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, तहसीलदार अकबरपुर आदि सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकायें, छात्र-छात्राऐं आदि उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें