कानपुर देहात। जिले में रविवार को 260वें मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। यह मेला एक शहरी और 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित हुआ, जहां 1957 मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, जांच और दवा वितरण किया गया।
मेले में 961 पुरुष, 808 महिलाएं और 188 बच्चों का उपचार किया गया। स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए 65 चिकित्सक और 134 पैरामेडिकल कर्मी तैनात रहे।
कोविड हेल्प डेस्क पर 663 लोगों की जांच की गई, हालांकि कोई भी मरीज जांच योग्य नहीं पाया गया। इस दौरान 19 गोल्डन कार्ड भी बनाए गए। बुखार के 156 मरीजों में 69 की मलेरिया और 11 की डेंगू जांच कराई गई, लेकिन सभी रिपोर्ट निगेटिव रहीं। वहीं 50 लोगों का नेत्र परीक्षण भी किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने 123 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया तथा 206 लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए परामर्श दिया। मेले में 82 सर्दी-जुकाम, 144 पेट संबंधी, 205 त्वचा रोग, 55 एनीमिया, 89 मधुमेह और 76 उच्च रक्तचाप के मरीज मिले।
इसके अलावा 45 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं मिला। चार संभावित क्षय रोगियों की पहचान कर जांच के लिए भेजा गया, जबकि 12 मरीजों को बेहतर इलाज के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया गया।
मेले का निरीक्षण उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनूप सचान, डॉ. पुनीत पांडेय, डॉ. सुनील कुमार तथा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी हर्ष मोहन ने किया।













