राजपुर नगर पंचायत की बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों में आक्रोश

 

कानपुर देहात। राजपुर नगर पंचायत के अटल नगर, मदियापुर वार्ड नंबर-10 समेत कई क्षेत्रों में जर्जर सड़कों और बुनियादी सुविधाओं के अभाव से लोगों में भारी नाराजगी है। गहरे गड्ढों, जलभराव और कीचड़ के कारण आमजन के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव हो जाता है, जबकि सूखे मौसम में धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। इससे बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल हो गया है। गंदे पानी और कीचड़ से गुजरने के कारण उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और फिसलकर चोटिल होने का खतरा भी बना रहता है। खराब सड़कों के चलते ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन भी अक्सर गड्ढों में फंसकर पलट जाते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि बोर्ड बैठकों में विकास कार्यों के प्रस्ताव तो पारित होते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर काम नहीं दिखता।
ग्रामीण वीरेंद्र शुक्ला, चंद्रपाल कश्यप, दीपू दीक्षित और रज्जन कश्यप ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो स्थानीय लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित अधिकारी मौके का निरीक्षण कर जल्द से जल्द सड़क मरम्मत और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

संवाददाता
साहिल कटियार
सिकंदरा कानपुर देहात

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें