कानपुर देहात। कार्यालय महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) उ.प्र., प्रयागराज द्वारा सामान्य भविष्य निधि खाता धारकों को सुगमतापूर्वक जीपीएफ भुगतान किये जाने के उद्देश्य से शुक्रवार, दिनांक 03-07-2026 को वरि. लेखाधिकारी, मोहम्मद सोहेल खान की अध्यक्षता में कार्यशाला, सामान्य भविष्य निधि एवं लेखे के संबंध में अदालत का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
जीपीएफ अदालत में वरि. कोषाधिकारी, कानपुर देहात त्रिभुवन प्रसाद के अतिरिक्त महालेखाकार कार्यालय प्रयागराज के सहायक लेखाधिकारी, संदीप मौर्या, जितेन्द्र कुमार सिंह, अभिनेन्द्र यादव एवं वरि. लेखाकार हरिशंकर सिंह व जनपद के विभागों के आहरण एवं वितरण अधिकारी एवं उनके प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित रहे। कार्यशाला एवं अदालत के दौरान महालेखाकार कार्यालय के प्रतिनिधियों द्वारा बताया गया कि जीपीएफ़ भुगतान की सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन कर दी गयी हैं, जिसका आहरण वितरण अधिकारी, कोषाधिकारी एवं अभिदाता द्वारा समय-समय पर चेक / डाउनलोड किया जा सकता है। जीपीएफ भुगतान प्रक्रिया ऑनलाइन होने से जीपीएफ़ सम्बंधी मिलान पत्र / अंतिम भुगतान प्राधिकार पत्र का आनलाइन प्रेषण तीनों स्तरों (आहरण वितरण अधिकारी, कोषाधिकारी एवं अभिदाता) पर एक साथ सुगम हो गया है जिससे इसका लाभ अभिदाताओं को सेवाविनिवृत्त होने पर प्राप्त होता है। जीपीएफ़ अदालत एवं कार्यशाला के दौरान कर्मियों के जीपीएफ़ मिसिंग, रिफंड प्रकरण, जीपीएफ़ भुगतान सम्बन्धी सभी लंबित मामले, एनपीएस से जीपीएफ़ में स्थानांतरित कर्मियों से सम्बन्धित लंबित प्रकरण, जीपीएफ़ सम्बन्धी शिकायते एवं लेखे, सहायता अनुदान के उपयोगिता प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना, एसी बिल के सापेक्ष डीसी बिल जमा कराने एवं अन्य संदर्भगत मुद्दे इत्यादि प्रकरणों की प्रक्रियात्मक जानकारी तथा उनके निपटारा सम्बन्धित अनुभवों को साझा किया गया।महालेखाकार कार्यालय के प्रतिनिधियों दद्वारा इस बात पर जोर दिया गया कि आहरण एवं वितरण अधिकारी गण डी.डी.ओ. पोर्टल (ukposh.up.nic.in), एवं कोषाधिकारी आई.एफ.एम.एस. पोर्टल (ifms.up.gov.in) पर नियमित अंतराल पर निगरानी कर जी.पी.एफ. सम्बंधी भुगतान हेतु त्वरित कार्यवाही करें तथा अभिदाताओं को भी जागरुक करें कि अभिदातागण koshwani.up.nic.in पोर्टल के माध्यम से अपने क्रेडेंशियल्स भरकर जीपीएफ़ प्राधिकर पत्र मिलान पत्र डाउनलोड कर प्राप्त कर सकते हैं। कार्यशाला में आहरण एवं वितरण अधिकारियों द्वारा पूछे गये बिन्दुओं का समाधान भी किया गया। अन्त में वरिष्ठ लेखाधिकारी ने वरि. कोषाधिकारी को जी.पी.एफ. अदालत के आयोजन को सुगम बनाने हेतु आभार व्यक्त किया तथा जनपद के समस्त आहरण वितरण अधिकारियों व उनके प्रतिनिधियों को इस अदालत में प्रतिभाग करने हेतु धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभा समाप्ति की घोषणा की।













