कानपुर देहात। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शुक्रवार को थाना रूरा क्षेत्र के ग्राम चिलौली के पास हुए सड़क हादसे के घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्घटना के कारणों का जायजा लेते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था का आकलन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद पुलिस कार्यालय में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता, क्षेत्राधिकारी अकबरपुर, क्षेत्राधिकारी यातायात तथा क्षेत्राधिकारी डेरापुर मौजूद रहे।
गोष्ठी में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट, यातायात संकेतक, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड सहित अन्य सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र कराए जाएं तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और लोक निर्माण विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।













