‘गोल्डन ऑवर’ में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को ₹1.5 लाख तक कैशलेस उपचार, कानपुर देहात के 13 निजी अस्पताल सूचीबद्ध

 

जिलाधिकारी कपिल सिंह की अपील—दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुंचाएं, समय पर उपचार से बच सकती है जान

पीएम-राहत योजना बनी सड़क दुर्घटना पीड़ितों का सहारा, गुड सेमेरिटन को मिलेगा ₹25,000 का प्रोत्साहन पुरस्कार

कानपुर देहात। सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा अर्थात ‘गोल्डन ऑवर’ घायल व्यक्ति के जीवन को बचाने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना कैशलेस उपचार योजना (PM-RAHAT: Road Accident Victim Hospitalization and Assured Treatment) संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल प्रत्येक पात्र व्यक्ति को दुर्घटना की तिथि से अधिकतम 7 दिनों तक ₹1.5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
जिलाधिकारी  कपिल सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटना होने की स्थिति में घायल व्यक्ति को बिना किसी विलंब के निकटतम सूचीबद्ध चिकित्सालय पहुँचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार से किसी की अनमोल जान बचाई जा सकती है तथा आर्थिक अभाव के कारण उपचार प्रभावित न हो, इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना कैशलेस उपचार योजना लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी पात्र व्यक्ति को सूचीबद्ध अस्पतालों में भर्ती कराने पर अस्पताल द्वारा पीएम-राहत पोर्टल पर पंजीकरण किया जाता है। पात्रता सत्यापन के उपरांत घायल को दुर्घटना की तिथि से 7 दिनों तक अधिकतम ₹1.5 लाख तक कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसी प्रकार का स्वास्थ्य बीमा होना आवश्यक नहीं है।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से यह भी अपील की कि वे सड़क दुर्घटना के दौरान ‘गुड सेमेरिटन’ (Good Samaritan) की भूमिका निभाते हुए निस्संकोच घायल व्यक्तियों की सहायता करें। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुँचाने वाले नागरिकों को कानून द्वारा सुरक्षा प्रदान की गई है। साथ ही राहवीर योजना के अंतर्गत पात्र सहयोगकर्ताओं को ₹25,000 का प्रोत्साहन पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि आपकी संवेदनशीलता और समय पर की गई मदद किसी परिवार की खुशियाँ बचा सकती है।
जनपद कानपुर देहात में पीएम-राहत योजना के अंतर्गत अनुमोदित निजी चिकित्सालय निम्नवत हैं—
अनंतराज हॉस्पिटल, अकबरपुर
पुष्पेय हॉस्पिटल, अकबरपुर
गणेश हॉस्पिटल, अकबरपुर
रजावत हॉस्पिटल, बिसायकपुर (रनियां)
द प्रीमियर हॉस्पिटल, मावर
वी.पी.एन. हॉस्पिटल, पुखरायां
गौरी हॉस्पिटल, नबीपुर
डी.एम. मेमोरियल हॉस्पिटल, रायपुर
कौशिकी हॉस्पिटल, रसूलाबाद
नोवा ग्रेस हॉस्पिटल, अकबरपुर
ओम हॉस्पिटल, शिवली
लोकप्रिय हॉस्पिटल, अकबरपुर
आर.पी. पोरवाल हॉस्पिटल, शाहजहांपुर
अधिक जानकारी हेतु प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना कैशलेस उपचार योजना (पी.एम. राहत) के संबंध में जनपद के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डा0 आदित्य सचान से उनके मोबाइल नंबर 9389811179 पर संपर्क कर योजना की पात्रता, सूचीबद्ध चिकित्सालयों एवं अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घबराएं नहीं, तत्काल आपातकालीन सेवाओं को सूचना दें तथा घायल व्यक्ति को निकटतम सूचीबद्ध चिकित्सालय में पहुँचाकर उसका समय पर उपचार सुनिश्चित करें। ‘गोल्डन ऑवर’ में आपकी सजगता, संवेदनशीलता और तत्परता किसी व्यक्ति के जीवन की रक्षा कर सकती है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें