जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

 

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 के दृष्टिगत आज दिनांक 03 जुलाई, 2026 को जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आर.पी.एस. इंटर कॉलेज, रूरा तथा अकबरपुर इंटर कॉलेज, अकबरपुर का भ्रमण कर परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, स्ट्रांग रूम तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश देते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं सतर्कता के साथ निर्वहन करें।
पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखने के निर्देश दिए।
जनपद प्रशासन द्वारा उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें