आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर स्वच्छता और बचाव का दिया संदेश
जालौन में संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा तथा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह व मुख्य चिकित्सा अधिकारी एचएन प्रसाद ने आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही संचारी रोग नियन्त्रण एवं दस्तक अभियान शपथ दिलाई गई। रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता अपनाने, जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने, साफ पेयजल के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता तख्तियां और नारों के माध्यम से संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाए, तो अनेक बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि 1 जुलाई से संचालित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दौरान सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि गांव-गांव एवं वार्ड-वार्ड व्यापक जनजागरूकता, साफ-सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव तथा घर-घर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल उपचार नहीं, बल्कि समय रहते बचाव एवं रोकथाम सुनिश्चित करना है।
रैली में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











