पोषण ट्रैकर, टीएचआर वितरण, होम विजिट एवं गंभीर कुपोषित बच्चों के प्रबंधन पर विशेष जोर
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेंस विभागों की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कुपोषण की रोकथाम एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी प्रत्येक योजना का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि पोषण अभियान केवल एक विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से संचालित होने वाला जनकल्याण अभियान है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें। बैठक में संभव 6.0 अभियान, पोषण ट्रैकर की प्रगति, टीएचआर वितरण, होम विजिट, गंभीर कुपोषित (SAM) एवं मध्यम कुपोषित (MAM) बच्चों की पहचान, उपचार एवं फॉलोअप सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा पोषण ट्रैकर पर लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन एवं समय पर डेटा फीडिंग सुनिश्चित की जाए। गृह भ्रमण, वजन एवं लंबाई मापन, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की नियमित निगरानी तथा छह वर्ष तक के बच्चों की पोषण स्थिति का सतत मूल्यांकन किया जाए। जिन परियोजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष अभियान चलाकर सुधार लाया जाए तथा प्रत्येक परियोजना की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग तथा अन्य सहयोगी विभागों को निर्देशित किया कि गंभीर कुपोषित बच्चों की समयबद्ध पहचान, उपचार, आवश्यक औषधियों की उपलब्धता, टीकाकरण, रेफरल सेवाओं एवं फॉलोअप में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रम, पोषण पंचायत, सामुदायिक सहभागिता एवं व्यवहार परिवर्तन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि कुपोषण के विरुद्ध जनआंदोलन का स्वरूप विकसित हो सके। बैठक में टेक होम राशन (THR) वितरण की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण पूरक पोषाहार उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की बाधा या विलंब पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस कार्यक्रम में लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाते हुए प्रत्येक विभाग बेहतर परिणाम सुनिश्चित करे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला विकास अधिकारी प्रशान्त पाण्डेय, डीसी मनरेगा रामेन्द्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।













