कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित किया गया।
रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक चले अभियान के दौरान मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन जांच की गई। पुलिस टीम ने ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान 184 वाहनों का चालान किया गया तथा 16 लाख 50 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूलते हुए विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और सुरक्षित सड़क यातायात में अपना सहयोग दें।












