कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में अवैध रूप से संचालित कोचिंग, शिक्षण संस्थानों एवं लाइब्रेरियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को झींझक कस्बे में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
उप जिलाधिकारी डेरापुर एवं क्षेत्राधिकारी डेरापुर धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मंगलपुर पुलिस के साथ चलाए गए अभियान के दौरान झींझक क्षेत्र में संचालित विभिन्न कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। जांच में कई संस्थानों में वैध पंजीकरण, सुरक्षा मानकों और संचालन संबंधी नियमों में गंभीर कमियां पाई गईं।
कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने दो अवैध लाइब्रेरी एवं आईटी सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया। वहीं अन्य कई संस्थान संचालकों को विधिक नोटिस जारी करते हुए निर्धारित मानकों का पालन करने की चेतावनी दी गई।
निरीक्षण टीम ने स्पष्ट किया कि सभी शिक्षण संस्थान और लाइब्रेरी संचालक शासन द्वारा निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही अपने संस्थानों का संचालन सुनिश्चित करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।













