कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 238 वाहनों का चालान किया गया। वहीं 02 वाहनों को सीज भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













