कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस, यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में संचालित किया गया।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नंबर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेट की जांच की तथा ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 231 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही उल्लंघनकर्ताओं से ₹16,88,500 का शमन शुल्क वसूल कर विधिक कार्रवाई की गई। नशे की हालत में वाहन चलाने, अवैध हूटर एवं प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने तथा वाहन में अनधिकृत संशोधन कराने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक अभियान लगातार चलाए जाएंगे। जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करें।













