जिलाधिकारी कपिल सिंह ने तहसील सिकंदरा का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

 

कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह ने शनिवार को तहसील सिकंदरा का गहन निरीक्षण कर तहसील परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव तथा राजस्व एवं जनसेवा संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं एवं न्यायालयों का भ्रमण कर पत्रावलियों की स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा कार्यालयीय कार्यप्रणाली का परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संधारण पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियों को श्रेणीबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संरक्षित किया जाए, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने नजारत शाखा में राजकीय अभिलेखों एवं सामग्रियों के रखरखाव की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, राजस्व निरीक्षक कार्यालय तथा खतौनी वितरण कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसील दिवस के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की आख्या की भी जांच की। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा सत्यापन के उपरांत असंतुष्टि फीडबैक प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
तहसील परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने परिसर को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य जनसुनवाई आयोजित करने तथा प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयपालन, जवाबदेही तथा आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के लिए भी निर्देशित किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सिकंदरा, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें