कानपुर देहात। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद कानपुर देहात में “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” थीम पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज विकासखंड मलासा में जनकल्याण एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किए जाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित विभिन्न योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा आमजन से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना, नागरिकों को शासन की विभिन्न सेवाओं से जोड़ना तथा “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” की भावना को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम का समापन जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।









