कानपुर देहात। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवली पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2025 को पीड़िता की मां ने थाना शिवली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को हर्षित नामक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान 28 अप्रैल 2026 को पीड़िता को बरामद किया गया। उसके बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। वहीं साक्ष्य के अभाव में अन्य नामजद आरोपियों के नाम मुकदमे से हटा दिए गए।
सोमवार को शिवली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी हर्षित (19 वर्ष) निवासी ग्राम लुधौरा, थाना शिवली, कानपुर देहात को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।










