नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा सकुशल संपन्न

 

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जालौन प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा जनपद जालौन के 06 परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा प्रबंध एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर सतर्क निगरानी बनाए रखें।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखा गया है। जनपद के 06 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2332 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनके सापेक्ष 870 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा पूरे जनपद में शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न हुई।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें