कानपुर देहात। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा जिला अस्पताल में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डाला।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जिसके माध्यम से अनेक जरूरतमंद लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान न केवल किसी अन्य व्यक्ति के लिए जीवनदायी सिद्ध होता है, बल्कि समाज में सेवा एवं संवेदनशीलता की भावना को भी सुदृढ़ करता है।
इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा रक्तदान कर रहे पंकज सिंह एवं आकांक्षा का उत्साहवर्धन किया गया तथा उनके इस मानवीय एवं प्रेरणादायी कार्य की सराहना की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे स्वैच्छिक रक्तदाता समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और इनके प्रयासों से जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो पाता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को नियमित अंतराल पर रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया तथा रक्तदाताओं के इस पुनीत कार्य की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल के चिकित्सकगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा स्वैच्छिक रक्तदाता उपस्थित रहे।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करना तथा स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना है। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज प्राचार्य, सीएमएस, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ सहित चिकित्सा आदि उपस्थित रहे।













