नया पटेल नगर वार्ड में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, सफाई कर्मियों का बढ़ाया उत्साह, नागरिकों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का किया आह्वान

जालौन। केंद्र एवं प्रदेश सरकार के “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” के मूल भाव को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश संजय सिंह गंगवार ने आज प्रातः नगर के नया पटेल नगर वार्ड संख्या-09 का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में संचालित स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया तथा सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने वार्ड की गलियों, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने सफाई कर्मियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और संस्कार से जुड़ा जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।
प्रभारी मंत्री ने सफाई कर्मियों को सम्मानित भाव से संबोधित करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार उनके कल्याण, सम्मान एवं सुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उनके योगदान को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।
स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए प्रभारी मंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता श्रमदान किया तथा उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा की भावना से किया गया प्रत्येक कार्य समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ वृक्षारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा भावी पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए अधिकाधिक पौधरोपण आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान सहित विभिन्न वृक्षारोपण अभियानों से जुड़ने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन के माध्यम से जनसुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और सेवा के ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आमजन मिलकर कार्य करते हैं तो विकास और जनकल्याण के लक्ष्य अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त होते हैं।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, नगर निकाय के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी, विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, विधायक कालपी के प्रतिनिधि आशु चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी उर्विजा दीक्षित, जलशक्ति मंत्री प्रतिनिधि अरविंद चौहान, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका उरई सहित जनप्रतिनिधिगण सहित सम्बन्धित अधिकारीगण और नगर पालिका उरई की टीम मौजूद रही।












