कानपुर देहात। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विधानसभा अकबरपुर-रनिया क्षेत्र के विकासखंड मैथा अंतर्गत ग्राम मैथा मारग में आयोजित रात्रि चौपाल जनसंवाद और जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं सदर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी निजी एवं सार्वजनिक समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस दौरान केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई तथा ग्रामीणों से योजनाओं के क्रियान्वयन और विकास कार्यों को लेकर सुझाव भी लिए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना रहा। चौपाल के दौरान ग्राम मैथा मारग की निवासी मैना देवी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले उन्हें लकड़ी और उपलों से चूल्हे पर खाना बनाना पड़ता था, जिससे धुएं के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन मिलने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। अब उन्हें धुएं से मुक्ति मिली है और खाना बनाना पहले की अपेक्षा अधिक आसान एवं सुरक्षित हो गया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। वहीं गांव के किसान रमाकांत पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान हितैषी नीतियों से किसानों को व्यापक लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से समय-समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त होती है, जिससे खेती-किसानी के कार्यों में मदद मिलती है। साथ ही किसानों को बीज, खाद और कृषि संबंधी सुविधाएं भी पहले की तुलना में बेहतर ढंग से उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं या फसल क्षति की स्थिति में भी सरकार किसानों की सहायता के लिए तत्पर रहती है। कार्यक्रम में उपस्थित कक्षा 10 के छात्र अवनीश मिश्रा ने शिक्षा के क्षेत्र में हुए परिवर्तनों का उल्लेख करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा और तकनीकी संसाधनों के विस्तार से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि छात्र-छात्राओं को टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरण जैसी योजनाओं से पढ़ाई में सुविधा मिली है। साथ ही मेधावी छात्राओं के लिए संचालित विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं भी उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक एवं दूरगामी निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प देश को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राज्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने अनेक योजनाएं संचालित की हैं तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नई दिशा प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि कानपुर देहात को मेडिकल कॉलेज की सौगात भाजपा सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है। इसके अलावा रनिया-मैथा मार्ग, रुरा-शिवली मार्ग सहित अनेक सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण कर क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार जनभागीदारी के माध्यम से विकास की गति को और तेज करेगी तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी। रात्रि चौपाल में परियोजना निदेशक अनिरुद्ध सिंह चौहान, उपजिलाधिकारी श्यामनारायण शुक्ला, ग्राम प्रधान अखिलेश राठौर, मुकेश राठौर, संजय सिंह चंदेल, अरविंद राजपूत, कमल शुक्ला, राजाबाबू अग्निहोत्री, बउवन द्विवेदी, संजय मिश्रा, सुनीता वैश्य, घनश्याम त्रिवेदी, सुधीर पांडेय, आलोक अवस्थी, राकेश कुमार, विनय अवस्थी, मनोज पांडेय, गौरव मिश्रा, रमाशंकर, पवन सिंह, आकांक्षा, आरती, सौम्या सिंह, राहुल यादव, गोपाल मिश्रा, आर्यन मिश्रा, मोना, मालती, ममता, मोना सहित भाजपा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों पर अपने विचार साझा किए और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सुझाव प्रस्तुत किए।













