महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं को लेकर सपा का हुंकार, अखिलेश यादव को फिर मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान
कानपुर देहात – समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दिलीप सिंह कल्लू यादव के नेतृत्व में बुधवार को माती मुख्यालय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में
हजारों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक दिलीप सिंह कल्लू यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में आम जनता के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई थीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में युवाओं को लैपटॉप वितरित किए गए, गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं तथा जनता को राहत देने के लिए कई योजनाएं चलाई गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है, रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवन कठिन हो गया है।
दिलीप सिंह कल्लू यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनता की आवाज उठाने का कार्य करता रहेगा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने भोगनीपुर विधानसभा सहित पूरे जनपद की जनता से समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में अखिलेश यादव को पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना है, जिससे प्रदेश में खुशहाली, विकास और सामाजिक न्याय की स्थापना हो सके।
धरना-प्रदर्शन में अकबरपुर विधानसभा से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी नीरज गौर भी अपने समर्थकों के साथ शामिल हुए। नीरज गौर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पहुंचे। दिलीप सिंह कल्लू यादव और नीरज गौर के संयुक्त नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन ने ऐतिहासिक रूप धारण कर लिया। कार्यकर्ताओं के जोशीले नारों से माती मुख्यालय का पूरा क्षेत्र गूंज उठा और प्रदर्शन ने जनपद की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।













