कानपुर देहात। थाना अकबरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांवों के बाहर बनी पानी की टंकियों से बैटरी और इन्वर्टर चोरी करने वाले गिरोह के पांच शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की 18 बैटरियां, 9 इन्वर्टर, घटना में प्रयुक्त दो ईको कार, तीन अवैध तमंचे, छह कारतूस और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 30 मई की रात बाबा सागर स्थित पानी की टंकी से बैटरियां और इन्वर्टर चोरी होने की शिकायत पर थाना अकबरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर जगजीवनपुर बंबा रोड से अनुज यादव, पुष्पेंद्र कुमार, गौरव सिंह उर्फ भानुप्रताप, विपिन और रामचंद्र को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान तीन आरोपियों के पास से अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांवों के बाहर स्थित पानी की टंकियों में लगे सोलर सिस्टम की बैटरियां और इन्वर्टर चोरी कर उन्हें बेचने का काम करते थे। बरामद सामान को कानपुर नगर में बेचने की तैयारी के दौरान पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार गिरोह द्वारा अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।













