आंधी-तूफान के बाद जिलाधिकारी की त्वरित पहल, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था बहाल करने हेतु टीम गठित कर दिए कार्यवाही के सख्त निर्देश

 

विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक, आमजन को राहत पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता

जालौन में 28 की बीती रात आए तेज आंधी-तूफान एवं खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने के दृष्टिगत जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर राहत एवं पुनर्स्थापना कार्यों की समीक्षा की तथा युद्धस्तर पर कारवाही हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं की बहाली प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी क्षेत्र में विद्युत अथवा पेयजल संकट की स्थिति नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि आंधी-तूफान से क्षतिग्रस्त विद्युत पोल, टूटे तारों एवं अन्य तकनीकी बाधाओं का सर्वेक्षण कार्य तेजी से पूर्ण करते हुए युद्धस्तर पर मरम्मत कर विद्युत आपूर्ति बहाल कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में सर्वेक्षण पूर्ण हो चुका है वहां विद्युत व्यवस्था बहाल करने में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल संस्थान एवं जल निगम को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर लगातार निगरानी बनाए रखें, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें तथा विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की स्थिति से समय-समय पर प्रशासन को अवगत कराते रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें