ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों के आसपास कराई जाए साफ-सफाई एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित।
त्योहारों के दौरान रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
अराजक एवं भड़काऊ गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध की जाए कठोर कार्रवाई : जिलाधिकारी
कानपुर देहात आगामी पर्व बकरीद को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता वह पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय की उपस्थिति में जिला स्तरीय शांति समिति/पीस कमेटी एवं कानून व्यवस्था की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर निकायों, स्वास्थ्य विभाग, विद्युत विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगरीय क्षेत्रों में स्थित मस्जिदों, ईदगाह एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए तथा पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ-सफाई, जलापूर्ति एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में कूड़ा ट्रॉली एवं बड़े डस्टबिन रखने के निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा सेक्टरवार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी क्षेत्र से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कुर्बानी स्थलों का पूर्व चिन्हांकन कर लिया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कुर्बानी से संबंधित गतिविधियां केवल निर्धारित स्थलों पर ही संपन्न हों। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा स्थापित न होने पाए तथा सभी त्योहार पारंपरिक एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाए जाएं। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर नमाज अदा न की जाए तथा नमाज केवल निर्धारित स्थलों पर ही संपन्न कराई जाए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने तथा आवश्यकतानुसार त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कानून एवं शांति व्यवस्था हर हाल में बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि अनावश्यक, भड़काऊ अथवा अफवाह फैलाने वाले पोस्ट साझा करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी दशा में न होने पाए तथा सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की कुर्बानी पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। कुर्बानी के उपरांत अवशेषों का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें तथा आवश्यक दवाइयों, एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अवगत कराया कि आगामी बकरीद के दृष्टिगत पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समस्त तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएंगी। उन्होंने बताया कि सभी छोटी एवं बड़ी मस्जिदों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थलों पर नियमित भ्रमण एवं निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने पुनः स्पष्ट किया कि जनपद में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त बैठक में जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न धर्मों के सम्मानित नागरिकों एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांति के वातावरण में मनाए जाएं तथा प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने सभी सम्मानित नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें तथा त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आमजन के सहयोग हेतु सदैव उपस्थित रहेगा।
बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, सम्मानित नागरिक, मौलवीगण, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग करते हुए अपने सुझाव एवं विचार साझा किए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी, थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












