कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
इस अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने, हेलमेट न पहनने तथा बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वालों की जांच की गई। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 242 वाहनों का चालान किया।
पुलिस विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। पुलिस का कहना है कि दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।










