कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति तथा जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में लखपति दीदी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए तथा चेतावनी दी गई कि प्रगति संतोषजनक न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में परिवार संतृप्तिकरण पर विशेष बल देते हुए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समूह गठन की धीमी प्रगति पर ब्लॉक मिशन मैनेजरों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए दैनिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी ब्लॉक मिशन मैनेजर एवं जिला मिशन मैनेजर को फील्ड में रहकर कार्य करने तथा पूर्व गठित स्वयं सहायता समूहों के बैंक खाते अगली समीक्षा बैठक से पूर्व शत-प्रतिशत खोलने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्टार्टअप योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों को प्रोत्साहित करते हुए शेष पात्र समूहों की पत्रावलियां तैयार कर ग्राम निधि पर मांग दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त आर्थिक आरएफ एवं सीआईएफ वितरण हेतु लंबित पत्रावलियों को शीघ्र पूर्ण करने, एसएचजी, वीओ एवं सीएलएफ के ऑडिट की ऑनलाइन फीडिंग एक सप्ताह में पूर्ण कराने तथा समस्त कैडरों की जानकारी पोर्टल पर समयबद्ध अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को समूह गठन एवं परिवार संतृप्तिकरण में सहयोग करने तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं से समूहों की महिलाओं को आच्छादित कर उन्हें लखपति दीदी बनाने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही समस्त कैडरों को ब्लॉक स्तर की समीक्षा बैठकों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में उन्मुखीकरण कराने के निर्देश दिए गए। आरसेटी निदेशक मयंक कटियार को संस्थान में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों की योजनाओं का पीपीटी माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, डीसी एनआरएलएम गंगाराम, उपायुक्त नरेगा अशोक कुमार सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।










