कानपुर देहात। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा बड़ी सौगात देते हुए उनका मानदेय 9000 रुपये से बढ़ाकर 17000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा पर जनपद के अनुदेशकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अजीत सिंह पाल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और शिक्षकों व अनुदेशकों के सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक भवन लखनऊ से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रदेश के हजारों अनुदेशकों को बड़ी सौगात दी है।मानदेय वृद्धि से अनुदेशकों का मनोबल बढ़ेगा तथा विद्यालयों में शैक्षिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा 5 लाख के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में आर्थिक तंगी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूनम संखवार ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और शिक्षकों के हित में ऐतिहासिक निर्णय ले रही है। अनुदेशकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने से उनमें उत्साह का वातावरण है। इस अवसर पर बीजेपी जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने सरकार के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है सरकार द्वारा लगातार शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित कपिल सिंह जिलाधिकारी कानपुर देहात ने कहा कि मानदेय वृद्धि से अनुदेशक अधिक ऊर्जा और उत्साह के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देंगे। उन्होंने सभी अनुदेशकों को बधाई देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अभिषेक द्विवेदी ने किया। इस दौरान जिलाधिकारी कानपुर देहात एवं मुख्य विकास अधिकारी कानपुर देहात सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में अनुदेशक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।










