कानपुर देहात। थाना रूरा पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम 14,400 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा व कारतूस तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना रूरा में उत्कर्ष शुक्ला उर्फ वैभव निवासी बड़ी बिल्हन, थाना शिवराजपुर जनपद कानपुर नगर ने तहरीर देकर बताया था कि 5 मई 2026 को दो युवक उनकी दादी के परिचित बनकर उनसे सोने के कान के बाले चोरी कर फरार हो गए थे। स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने पर आरोपियों की पहचान सोनू कंजड़ और रितेश कंजड़ निवासी गांधी नगर, अकबरपुर के रूप में हुई। इस संबंध में थाना रूरा में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मंगलवार को थाना रूरा पुलिस टीम रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रूरा-झींझक नहर पटरी स्थित बालाजी मंदिर के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने बुजुर्ग महिला को रिश्तेदारी का झांसा देकर विश्वास में लिया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर ले जाते समय उनके कान के सोने के बाले चोरी कर लिए थे। बाद में दोनों ने बाले अकबरपुर में एक फेरी वाले सुनार को बेच दिए और रकम आपस में बांट ली।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सोनू पुत्र अतर सिंह कंजड़ उम्र करीब 23 वर्ष तथा रितेश पुत्र अच्छेलाल कंजड़ उम्र करीब 20 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 11 गांधी नगर, थाना अकबरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि सोनू के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।







