ऑटो में महिला यात्री को बातों में उलझाकर जेवर चोरी करने वाली दो शातिर महिलाएं गिरफ्तार

कानपुर देहात। थाना भोगनीपुर पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवर, नकदी, आधार कार्ड सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 9 मई 2026 को ग्राम दौलतपुर निवासी उर्मिला ने थाना भोगनीपुर में तहरीर देकर बताया था कि वह अपने पति के साथ ऑटो से मूसानगर से भोगनीपुर आ रही थीं। रास्ते में दो महिलाएं एक बच्चे के साथ ऑटो में बैठीं। बातचीत के दौरान एक महिला ने उनके छोटे बच्चे को गोद में लेने की बात कही, जबकि दूसरी महिला ने अपना पर्स उनके पर्स के ऊपर रख दिया। शक होने पर उर्मिला ने अपना पर्स वापस ले लिया, लेकिन घर पहुंचकर देखा तो उसमें रखे चांदी के पायल, बिछिया और आधार कार्ड चोरी हो चुके थे।
मामले में थाना भोगनीपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना और साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने 10 मई को भोगनीपुर चौराहे से दो महिलाओं सुधा पत्नी राजकुमार कंजड निवासी फरुखनगर, गुड़गांव (हरियाणा) तथा पूजा पत्नी सुमित कंजड निवासी फरुखनगर, गुड़गांव (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से 2 जोड़ी पायल, 2 जोड़ी बिछिया, एक नाक की कील, 1740 रुपये नकद, एक ब्लेड, दो चाबियां, एक आधार कार्ड और एक बड़ी सेफ्टी पिन बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पूछताछ में अभियुक्ताओं ने बताया कि वे सवारी वाहनों में बैठकर महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके जेवर और पर्स चोरी करती थीं तथा वारदात के बाद दूसरी गाड़ियों में बैठकर फरार हो जाती थीं। पुलिस ने दोनों अभियुक्ताओं को न्यायालय में पेश कर दिया है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें