महिला बंदियों के लिए ब्यूटीशियन-सिलाई व पुरुष बंदियों के लिए बाइक रिपेयरिंग प्रशिक्षण का शुभारंभ
कानपुर देहात। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात की सचिव नूपुर श्रीवास्तव की उपस्थिति में, दीक्षालय फाउंडेशन, कानपुर के सहयोग से जिला कारागार में निरुद्ध बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने एवं उनके पुनर्वास के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत महिला बंदियों हेतु “ब्यूटीशियन एवं सिलाई प्रशिक्षण” तथा पुरुष बंदियों हेतु “बाइक रिपेयरिंग प्रशिक्षण” प्रारम्भ किया गया। मा० सचिव द्वारा महिला बैरक में संचालित प्रशिक्षण तथा बैरक संख्या 1-बी में बाइक रिपेयरिंग प्रशिक्षण का फीता काटकर औपचारिक शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के लिए कुल 28 महिला बंदियों को ब्यूटीशियन एवं सिलाई तथा 40 पुरुष बंदियों को बाइक रिपेयरिंग प्रशिक्षण हेतु चिन्हित किया गया है। कारागार अधीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत सभी प्रतिभागी बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे, जिससे रिहाई के पश्चात वे स्वरोजगार अपनाकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
कारागार अधीक्षक धीरज कुमार सिन्हा ने बंदियों के पुनर्वास हेतु संचालित इस पहल के लिए दीक्षालय फाउंडेशन के प्रबन्धक अनुराग त्रिवेदी एवं सहयोगी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रभारी कारापाल, डॉ राजेश कुमार, कौशल विकास प्रभारी अनुराग त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।








