स्नातक निर्वाचन के लिए जालौन तैयार, 20,999 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

 

24 मतदान केंद्रों के 33 मतदेय स्थलों पर कल सुबह 8 से शाम 4 बजे तक होगा मतदान, सुरक्षा में तैनात रहेंगे करीब 470 से अधिक पुलिस अधिकारी

जिला निर्वाचन अधिकारी की मौजूदगी में रवाना हुईं 33 पोलिंग पार्टियां, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक इंतजाम

जालौन। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में जनपद के कुल 20 हजार 999 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिए जनपद में 24 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 33 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जहां सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा।मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की मौजूदगी में निर्वाचन कार्यालय से 33 पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान स्थलों के लिए रवाना किया गया। सभी मतदान दलों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों के निर्वहन तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान संपन्न कराने के लिए तैनात किया गया है। निर्वाचन व्यवस्था की निगरानी एवं समन्वय के लिए जनपद में पांच जोनल मजिस्ट्रेट और 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर आवश्यक कार्मिकों की तैनाती की गई है। इसके अंतर्गत 33 पीठासीन अधिकारी, 33 मतदान अधिकारी प्रथम, 33 मतदान अधिकारी द्वितीय तथा 33 मतदान अधिकारी तृतीय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए 33 माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपद में लगभग 470 से अधिक पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा समन्वय के साथ मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मतदान कार्मिकों को अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाएं संभालने तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें