40 किलोग्राम एल्युमिनियम कॉइल बरामद, दो अन्य सह-आरोपियों की तलाश जारी
कानपुर देहात। गजनेर थाना पुलिस ने ट्रांसफॉर्मर की एल्युमिनियम कॉइल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की करीब 40 किलोग्राम वजनी एल्युमिनियम कॉइल बरामद की है। मामले में दो अन्य सह-आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, विद्युत उपकेंद्र सरवनखेड़ा में तैनात अवर अभियंता मयंक सिंह राठौर ने 19 अक्टूबर 2026 को ग्राम शाहजहांपुर निनाया से ट्रांसफॉर्मर की कॉइल चोरी होने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में गजनेर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए गजनेर थाना क्षेत्र के निनाया रोड स्थित पानी की टंकी के पास से हर्षित कमल (21 वर्ष) पुत्र राम स्नेही और अश्वनि कुमार (19 वर्ष) पुत्र परशुराम, निवासी ग्राम बिल्टी, थाना गजनेर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की करीब 40 किलोग्राम एल्युमिनियम कॉइल बरामद की।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई है। मामले में प्रकाश में आए दो अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।











