कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 291 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में चलाया गया।
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, हेलमेट न पहनने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 291 वाहनों का चालान किया।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन चलाने की अपील की। पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।












