कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 07 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:30 बजे अकबरपुर इंटर कॉलेज, कानपुर देहात में स्तरीय रंगोली प्रदर्शनी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल, जनकल्याणकारी कार्यों तथा देश एवं प्रदेश में आए ऐतिहासिक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं राज्य सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रमाणित रूप से प्रस्तुत करते हुए प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है।
इसी क्रम में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जनपद स्तरीय रंगोली प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक एवं रचनात्मक रंगोलियों के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास, जनकल्याण एवं विकसित भारत के संकल्प को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, जनपद स्तरीय अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में सेवा, विकास एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता एवं सहभागिता की भावना को और अधिक मजबूत करना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करें तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।












