उ०प्र० अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य सरदार परविन्दर सिंह ने मीडिया एवं समाज प्रतिनिधियों से किया संवाद
लक्खी शाह बंजारा की स्मृति में स्मारक अथवा प्रमुख चौराहे का नामकरण किए जाने की अपील
कानपुर देहात। उ०प्र० अल्पसंख्यक आयोग, लखनऊ के क्रम में आज सदस्य, उ०प्र० अल्पसंख्यक आयोग, सरदार परविन्दर सिंह का जनपद कानपुर देहात आगमन हुआ। प्रातः 10:00 बजे सर्किट हाउस, कानपुर देहात पहुंचने पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रशान्त साहू द्वारा उनका स्वागत किया गया।
आगमन के उपरांत सदस्य सरदार परविन्दर सिंह ने मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए बंजारा सिख समाज के इतिहास, परम्पराओं तथा समाज के उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने महान बलिदानी लक्खी शाह बंजारा की अमर शहादत, त्याग और समाज के प्रति उनके ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि जनपद में किसी प्रमुख चौराहे का नाम लक्खी शाह बंजारा के नाम पर रखा जाए अथवा उनकी स्मृति में एक भव्य स्मारक अथवा स्मृति स्तंभ का निर्माण कराया जाए।
सदस्य ने अपने संबोधन में अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं प्रयासों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अल्पसंख्यकों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसके उपरांत सदस्य सरदार परविन्दर सिंह अकबरपुर स्थित प्रेसा हॉस्पिटल पहुंचे, जहां बंजारा सिख समुदाय के संयोजक सरदार प्रमोद सिंह शेखावत के नेतृत्व में समुदाय के गणमान्य व्यक्तियों एवं प्रतिनिधियों से उनकी भेंट हुई। बैठक के दौरान उन्होंने समुदाय के लोगों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
अपने संबोधन में उन्होंने बंजारा सिख समाज के लोगों से शिक्षा को प्राथमिकता देने, स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से जुड़कर समाज की मुख्यधारा में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों एवं जागरूकता के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर बंजारा सिख समुदाय के अनेक गणमान्य सदस्य, समाज प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।











