सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात प्रबंधन को लेकर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न

 

बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, ब्लैक स्पॉट्स के सुधार एवं सड़क सुरक्षा संकेतकों को दुरुस्त करने के निर्देश

स्कूली वाहनों की फिटनेस, परमिट, चालक लाइसेंस एवं चरित्र सत्यापन की होगी जांच

हाईवे पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर होगी कार्रवा

कानपुर देहात। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाल की वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की विशेष अभियान चलाकर शीघ्र मरम्मत कराई जाए। उन्होंने आगामी शीत ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सड़कों पर रिफ्लेक्टर, सफेद पट्टियां तथा अन्य सुरक्षा संकेतकों को दुरुस्त एवं क्रियाशील रखने के निर्देश दिए, जिससे कोहरे एवं कम दृश्यता की स्थिति में दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में संचालित पंजीकृत वाहनों की फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के साथ-साथ वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस एवं चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी स्थिति में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर रिक्शा, ऑटो अथवा अन्य सार्वजनिक वाहनों का संचालन न होने दिया जाए।जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क किनारे एवं मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने, यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने, सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता अभियान चलाने तथा सुरक्षा संकेतकों एवं चेतावनी बोर्डों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम, कार्यशालाएं एवं अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों में यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
बैठक में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, दुर्घटना की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों तथा एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता एवं कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार, परिवहन विभाग के अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें