कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी देवेंद्र कुमार ने अवगत कराया है कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 (VBYLD-2027) के प्रथम चरण के अंतर्गत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जनपद के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी कॉन्सेप्ट नोट के अनुसार जनपद में इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को प्रतियोगिता से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस 12 जनवरी, 2027 के अवसर पर किया जाएगा। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्देश्य देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नवाचार, नेतृत्व क्षमता एवं विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि जनपद के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र युवा, विशेष रूप से मंगल दलों, विश्वविद्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग कॉलेजों एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में अध्ययनरत युवाओं को क्विज प्रतियोगिता में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इच्छुक युवा My Bharat Portal पर अपना पंजीकरण कर क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतियोगिता में पात्रता के लिए आयु की गणना 17 अगस्त, 2026 के आधार पर की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रतियोगिता के अंतिम चरण में सफल होने वाले प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री से भेंट एवं संवाद स्थापित करने का विशेष अवसर प्राप्त होगा। यह अवसर युवाओं के लिए न केवल प्रेरणादायी बल्कि गौरवपूर्ण अनुभव भी होगा। जिलाधिकारी ने जनपद के सभी संबंधित अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, मंगल दलों तथा अन्य संबंधित संस्थाओं से अपेक्षा की है कि वे इस अभियान को प्राथमिकता के आधार पर व्यापक स्तर पर संचालित करते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीकरण एवं सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी देवेंद्र कुमार ने जनपद के युवाओं से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय पहल से जुड़कर अपनी प्रतिभा एवं नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करें तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। आइए, जनपद की युवा शक्ति को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 को सफल बनाएं।









