लखनऊ। प्रदेश में आगामी त्योहारों के दौरान निर्बाध एवं सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक ‘विद्युत अनुरक्षण माह’ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने, तकनीकी खामियों को दूर करने और आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) के अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) डॉ. आशीष गोयल ने शक्ति भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विद्युत लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य उपकरणों का समय रहते अनुरक्षण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान शिथिलता बरतने पर प्रयागराज, बरहज, राजघाट और महाराजगंज के अधिशासी अभियंताओं को चेतावनी जारी की गई। वहीं, आजमगढ़ के अधीक्षण अभियंता को दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए और विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। सरकार का उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान प्रदेशवासियों को बाधारहित और बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।









